रांची: झारखंड सीआईडी की साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ 99 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी राज्य में तेजी से बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है।
read more: भारत झुकेगा नहीं : अमेरिकी दबाव के बावजूद रूस से तेल खरीद जारी
टेलीग्राम के जरिए की जाती थी ठगी
सीआईडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार साइबर थाना में कांड संख्या 88/2025 दर्ज है। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसे टेलीग्राम ऐप पर “ग्लोबल इंडिया” नामक साइट का लिंक भेजा गया था। इस लिंक पर क्लिक करते ही उसे शिकागो बोर्ड ऑफ एक्सचेंज में ऑनलाइन खाता खोलकर मेटल ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा दिया गया। झूठे वादों के जरिए उससे विभिन्न बैंक खातों में कुल 2.99 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए गए।
नोएडा और झारखंड के कई थाना में दर्ज है शिकायत
जांच के दौरान पता चला कि ठगी की यह राशि एक इंडसइंड बैंक अकाउंट में भेजी गई थी, जिसमें पहले से भी करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े लेनदेन हो चुके थे। इस खाते के खिलाफ उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 36 थाना और झारखंड में भी शिकायतें दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही दिन में इस खाते में 1.15 करोड़ रुपये क्रेडिट हुए थे।
read more: पूजा से पहले ही कहर बनकर टूटी मौत! गोंडा में भीषण हादसा, 11 की जान गई
जमशेदपुर का रहने वाला है आरोपी
बता दें कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार, जमशेदपुर का रहने वाला है। उस पर विभिन्न तरीकों से लोगों को धोखा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। सीआईडी की टीम ने गहन छानबीन के बाद उसे गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित साथियों की तलाश भी की जा रही है।
read more: साउथ सिनेमा को लगा तगड़ा झटका – कॉमेडी किंग मदन बॉब ने कहा अलविदा!
साइबर सुरक्षा को लेकर चेतावनी
झारखंड पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर ठगी से सतर्क रहें। अज्ञात कॉल, लिंक या ईमेल पर कोई भी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। सीआईडी ने यह भी कहा है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में साइबर अपराध पर रोक लगाने में सहायक होगी और लोगों में डिजिटल सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत होगा।












