National News: भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज संसद भवन में मतदान जारी है। वोटिंग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी, जिसके बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी। सबसे पहला वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाला।
एनडीए (NDA) ने तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता सीपी राधाकृष्णन (68) को उम्मीदवार बनाया है, वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA ने बी सुदर्शन रेड्डी (79) को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच मुकाबला रोचक हो सकता है, हालांकि संख्याबल में NDA की बढ़त मानी जा रही है।
कुल 781 सांसद इस चुनाव में वोट डालेंगे, जिनमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। चुनाव में व्हिप जारी नहीं की जाती, जिससे क्रॉस वोटिंग की संभावना बनी रहती है।
read more- रामकनाली हादसे पर मरांडी का हमला, बोले- यह प्राकृतिक नहीं बल्कि कृत्रिम आपदा है
कुछ दलों ने बनाई दूरी
- BRS (KCR की पार्टी) और BJD (नवीन पटनायक की पार्टी) ने चुनाव से खुद को अलग रखा है।
- अकाली दल ने पंजाब में बाढ़ का हवाला देते हुए वोटिंग से इनकार कर दिया।
- AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने INDIA प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की है।
- YSRCP के 11 सांसदों ने NDA प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने का फैसला लिया है।
कौन किसे रिप्लेस करेगा?
यह चुनाव जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहा है। उन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।
आंकड़ों में जीत का गणित
अगर सभी सांसद पार्टी लाइन पर वोट करें तो अनुमान है:
- NDA के राधाकृष्णन को 422 वोट
- INDIA के रेड्डी को 319 वोट
हालांकि गुप्त मतदान के चलते क्रॉस वोटिंग समीकरण बिगाड़ सकती है।













