Jharkhand News: देश की सुरक्षा एजेंसियों ने पाँच राज्यों में चलाए गए संयुक्त अभियानों के दौरान आतंकी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में कुल पाँच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सबसे अहम गिरफ्तारी झारखंड की राजधानी रांची से हुई है, जहां अशहर दानिश नामक व्यक्ति को दबोचा गया।
अशहर दानिश का कोडनेम ‘सीईओ’
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अशहर दानिश पूरे नेटवर्क का समन्वयक था और पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर से लगातार संपर्क में रहता था। उसे संगठन के भीतर कोडनेम ‘सीईओ’ से पुकारा जाता था। जांच में खुलासा हुआ है कि दानिश न केवल भारत के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं को बरगलाने और जोड़ने का काम कर रहा था, बल्कि वित्तीय लेन-देन और गुप्त संदेशों का आदान-प्रदान भी उसी के जिम्मे था।
read more- दुर्गा पूजा 2025: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए धनबाद प्रशासन ने लिए बड़े फैसले
अधिकारियों ने बताया कि पाँच राज्यों में एक साथ चलाए गए इन छापों का मकसद संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम करना था। प्रारंभिक पूछताछ से यह भी संकेत मिले हैं कि गिरफ्तार आतंकियों का उद्देश्य आने वाले समय में देश की राजधानी और अन्य बड़े शहरों में बड़ी घटनाओं को अंजाम देना था।
गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ जारी
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कहा कि गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क के अन्य सक्रिय सदस्यों की पहचान की जा रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मॉड्यूल की अंतरराष्ट्रीय कड़ी को खंगालने में जुट गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से देश में एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल किया गया है।
read more- नेपाल हिंसा में फंसे भारतीय पर्यटक, काठमांडू में हालात बेहद खराब, कहा- ‘हमने खिड़की से..’












