Ranchi : राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज तीन दिनों के भीतर रांची पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में अवैध संबंध, साजिश और सबूत मिटाने की कोशिश जैसी चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।
रिंग रोड किनारे मिला था अज्ञात शव
आपको बता दें कि यह घटना 3 मई 2026 की है, जब टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के मानकीडीपा रिंग रोड किनारे एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति संदिग्ध थी, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था। लेकिन पुलिस को शुरुआत से ही इसमें कुछ गड़बड़ी का अंदेशा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी (मुख्यालय) प्रथम, टाटीसिलवे थाना, नामकुम थाना और सशस्त्र बलों को शामिल किया गया।
हत्या को दिया गया सड़क हादसे का रुप
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर एक स्कूटी और एक हाईवा ट्रक बरामद किया गया, जो इस वारदात में इस्तेमाल किए गए थे।
Read More- बड़ी खबर: JAC बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, यहां चेक करें अपना रिजल्ट
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवनाथ कुमार सिंह, उसकी पत्नी अंगिता देवी और साहिल राजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवनाथ हाईवा ट्रक का चालक है जबकि साहिल उसका खलासी है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक कमलेश कुमार की हत्या पहले घर में की गई थी। इसके बाद शव को हाईवा ट्रक से टाटीसिलवे के रिंग रोड पर लाया गया और सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को किनारे फेंककर ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ा दिया गया।
अवैध संबंध में हुई थी युवक की हत्या
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मृतक कमलेश कुमार का आरोपी शिवनाथ की पत्नी अंगिता देवी के साथ अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान बिहार के नवादा निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Read More- रांची रिंग रोड में भीषण सड़क हादसा, बोरिंग ट्रक के टक्कर से पलटी कार-एक ही परिवार के कई लोग घायल
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि निजी रिश्तों में पैदा हुए विवाद किस तरह जघन्य अपराध का रूप ले सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








