Ranchi: पश्चिम बंगाल में नई BJP सरकार के गठन को लेकर गृहमंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं। शाह न्यू टाउन के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में BJP विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में BJP के सभी 207 नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे और इनमें से एक विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो पश्चिम बंगाल का पहला BJP मुख्यमंत्री बनेगा।
सुवेंदु अधिकारी CM पद की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने भवानीपुर से ममता बनर्जी को हराया है और नंदीग्राम से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। सुवेंदु ने एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत किया। उनके साथ BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में की पूजा
अमित शाह एयरपोर्ट से सीधे दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे न्यू टाउन स्थित नोवोटेल होटल पहुंचे, जहां दो दिन ठहरेंगे।
9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस दौरान PM मोदी, अमित शाह और NDA के कई बड़े नेता उपस्थित रहेंगे। भाजपा नेतृत्व की रणनीति और सुवेंदु अधिकारी की लोकप्रियता को देखते हुए यह शपथ ग्रहण समारोह पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में अहम माना जा रहा है।








