Ranchi DC Inspection News: Ranchi के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार शाम समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशामक यंत्रों की स्थिति और कार्यालय अनुशासन की गहन जांच की। वहीं, कुष्ठ पीड़ित समाज की पानी समस्या पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश देकर संवेदनशील प्रशासनिक पहल भी दिखाई।
शाम 4:35 बजे समाहरणालय पहुंचकर की जांच
Ranchi उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार शाम करीब 4:35 बजे समाहरणालय परिसर के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों में पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। अनुपस्थित कर्मचारियों के अवकाश आवेदन की भी जांच कराई गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्ध उपस्थिति प्रशासनिक कार्यसंस्कृति की प्राथमिक आवश्यकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईडी कार्ड नहीं पहनने पर क्लर्क को शोकॉज
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र पहनने और टेबल पर नेम प्लेट लगाने का निर्देश दिया। पंचायती राज कार्यालय में एक लिपिक के बिना आईडी कार्ड पाए जाने पर संबंधित कर्मी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को कार्यालय आने पर संबंधित कर्मचारी की पहचान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अनुकंपा नियुक्त कर्मियों के प्रशिक्षण पर जोर
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मियों के कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि ऐसे कर्मियों को कार्यालयी कार्यों का उचित प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि हर कर्मचारी को अपने कार्य की स्पष्ट समझ होना जरूरी है।
अग्निशामक यंत्रों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
समाहरणालय भवन के विभिन्न तल्लों में लगे अग्निशामक यंत्रों की भी जांच की गई। उपायुक्त ने नजारत उपसमाहर्त्ता को निर्देश दिया कि सभी फ्लोर पर फंक्शनल अग्निशामक यंत्र उपलब्ध हों और नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय भवन की छत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बरसात को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और पानी जमा नहीं होने देने का निर्देश दिया।
साथ ही चौकीदारों को 24 घंटे परिसर की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि समाहरणालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
कुष्ठ पीड़ित समाज की पानी समस्या पर तुरंत कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान तीसरे तल्ले पर खड़े एक व्यक्ति ने उपायुक्त को बताया कि निर्मल आवास परिसर में रहने वाले कुष्ठ पीड़ित समाज को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को वहां बोरिंग कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







