Federation of Jharkhand Chamber of Commerce and Industries और Ballari District Chamber of Commerce and Industry के बीच व्यापारिक एवं औद्योगिक सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रांची स्थित चैम्बर भवन में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान दोनों राज्यों के उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधियों के बीच निवेश, बिजनेस एक्सपेंशन, औद्योगिक सहयोग और व्यापारिक अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस मौके पर दोनों संगठनों के बीच एमओयू (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए।
बैठक में झारखंड सरकार के उद्योग सचिव Arava Rajkamal और उद्योग निदेशक Vishal Sagar मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
झारखंड में निवेश की अपार संभावनाएं : आदित्य मल्होत्रा
झारखंड चैम्बर के अध्यक्ष Aditya Malhotra ने बल्लारी चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड तेजी से औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की नई इंडस्ट्री पॉलिसी जल्द आने वाली है, जबकि टेक्सटाइल पॉलिसी पहले से ही निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदाओं से भरपूर राज्य है, जहां लिथियम, मैंगनीज और बॉक्साइट सहित कई महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। साथ ही राज्य पावर सरप्लस होने के कारण उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है। मसाला, सब्जी, कॉटन, राइस मिल, रियल एस्टेट और एक्सपोर्ट सेक्टर में भी बड़े निवेश अवसर उपलब्ध हैं।
दावोस में झारखंड की भागीदारी का मिला फायदा
उद्योग निदेशक Vishal Sagar ने कहा कि पहली बार झारखंड ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भागीदारी की, जिसमें झारखंड चैम्बर भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा था। उन्होंने राज्य में फूड प्रोसेसिंग, एग्रीकल्चर और टूरिज्म सेक्टर में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर जोर दिया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योग विभाग निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
झारखंड और कर्नाटक मिलकर करेंगे औद्योगिक विकास
उद्योग सचिव Arava Rajkamal ने कहा कि झारखंड औद्योगिक दृष्टि से बेहद समृद्ध राज्य है और यहां उद्योगों के लिए भूमि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बल्लारी माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और आईटी सेक्टर में अग्रणी है, ऐसे में दोनों राज्यों के बीच सहयोग से नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड चैम्बर ने राज्यों के बीच औद्योगिक संवाद की एक सकारात्मक परंपरा की शुरुआत की है, जिसके आने वाले समय में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।
बल्लारी चैम्बर ने झारखंड उद्यमियों को दिया निवेश का न्योता
Avvaru Manjunath ने बल्लारी में निवेश की संभावनाओं को साझा करते हुए झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ ही बेंगलुरु में आयोजित होने वाले एमएसएमई कॉन्क्लेव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया।
बैठक के दौरान धार्मिक एवं कन्वेंशनल टूरिज्म, कोल सप्लाई, कॉटन और मिर्च सप्लाई, कृषि उत्पादों के आदान-प्रदान तथा रेडीमेड जींस व्यापार जैसे विषयों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
झारखंड टूरिज्म की संभावनाओं का हुआ प्रस्तुतीकरण
बैठक में झारखंड चैम्बर के कार्यकारिणी सदस्य Shailesh Agrawal ने पीपीटी के माध्यम से झारखंड में धार्मिक, प्राकृतिक और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल को राज्य में पर्यटन निवेश की असीम संभावनाओं से अवगत कराया गया।







