Gumla: गुमला जिले के कुरूमगढ़ वनक्षेत्र अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के कई गांवों में इन दिनों तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। तेंदुआ लगातार ग्रामीणों के पालतू पशुओं को निशाना बना रहा है, जिससे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं।
घर से गाय और बकरियों को ले रहा तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ रात के समय जंगल से निकलकर गांवों के आसपास पहुंचता है और गाय, बैल व बकरियों का शिकार कर उन्हें जंगल की ओर घसीट ले जाता है। ग्रामीणों ने दावा किया है कि कोल्हुकोना जंगल में चट्टानों के नीचे बनी गहरी गुफा में तेंदुआ रहता है। कई लोगों ने उसे गुफा में आते-जाते भी देखा है।
घर से 300 मीटर की दूरी पर तेंदुए की मांद
कोल्हुकोना गांव निवासी धतरा कोरवा ने बताया कि तेंदुए की मांद उनके घर से करीब 300 मीटर दूर है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ अब तक उनके तीन बैल और तीन बकरियों को मार चुका है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लगातार बढ़ रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।








