Cockroach Janta Party(CJP): सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ Cockroach Janta Party(CJP) तेजी से ट्रेंड कर रही है। CJI सूर्यकांत के कथित ‘कॉकरोच’ वाले बयान के विरोध में बनी इस सोशल मीडिया पार्टी का X (ट्विटर) अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। एक्स (X) ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई स्थानीय नियमों, कोर्ट के आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।
इस पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने खुद सोशल मीडिया पर अकाउंट बैन होने की पुष्टि की है।
6 दिन में भाजपा से भी आगे निकले फॉलोअर्स
CJP ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के मामले में देश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों को पीछे छोड़ दिया है। मात्र 6 दिनों के भीतर इस पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या लाखों-करोड़ों में पहुंच गई:
- इंस्टाग्राम: गुरुवार दोपहर तक CJP के फॉलोअर्स का आंकड़ा 1.26 करोड़ पहुंच गया। यह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 87 लाख फॉलोअर्स से करीब डेढ़ गुना है, जबकि कांग्रेस के इंस्टाग्राम पर 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
- X (ट्विटर): अकाउंट बैन होने से पहले CJP के करीब 1 लाख 93 हजार फॉलोअर्स हो चुके थे।
- फेसबुक: पार्टी का फेसबुक पर कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है।
क्यों बनी Cockroach Janta Party(CJP)?
इस अनोखी पार्टी की शुरुआत के पीछे सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत का एक कथित बयान है। 15 मई को मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक मामले की सुनवाई के दौरान CJI ने बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से की थी। हालांकि, बाद में CJI ने इस पर सफाई भी दी। इसी बयान के विरोध में युवाओं को एकजुट करने के लिए अभिजीत दीपके ने CJP का गठन किया।
CJP का नारा और लोगो:
पार्टी का नारा ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी’ (Secular, Socialist, Democratic, Lazy) है और इसके लिए एक खास लोगो भी जारी किया गया है।
CJP की सदस्यता के लिए 4 अनोखी योग्यताएं
अगर कोई इस पार्टी से जुड़ना चाहता है, तो उसके लिए 4 शर्तें तय की गई हैं:
-
बेरोजगारी (युवा का बेरोजगार होना जरूरी है)।
-
आलसी होना (यानी ‘डले रहो, पड़े रहो’ की नीति)।
-
ऑनलाइन रहने की लत (सोशल मीडिया एडिक्शन)।
-
प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता।
CJP का मेनिफेस्टो: सरकार में आने पर किए ये 5 बड़े वादे
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना घोषणापत्र (Manifesto) भी जारी किया है, जिसमें कई हैरान करने वाले वादे शामिल हैं:
-
CJI को राज्यसभा नहीं: रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा भेजने का रिवॉर्ड नहीं दिया जाएगा।
-
मुख्य चुनाव आयुक्त पर UAPA: यदि कोई वैध वोट डिलीट होता है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA के तहत गिरफ्तार किया जाएगा।
-
महिलाओं को 50% आरक्षण: कैबिनेट और संसद में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण होगा, जिसके लिए सांसदों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी।
-
मीडिया लाइसेंस रद्द: अंबानी और अडाणी के मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे और ‘गोदी मीडिया’ एंकरों के बैंक खातों की जांच होगी।
-
दलबदलुओं पर 20 साल का बैन: दल बदलने वाले विधायकों या सांसदों के चुनाव लड़ने पर रोक लगेगी और वे 20 साल तक किसी पब्लिक ऑफिस में पद नहीं पा सकेंगे।
कॉकरोच ड्रेस पहनकर यमुना किनारे सफाई अभियान
पार्टी के समर्थकों का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ लोग दिल्ली में कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई करते दिखे। फाउंडर अभिजीत दीपके (जो अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं और पहले ‘आप’ की सोशल मीडिया टीम में रह चुके हैं, उनका कहना है कि इस आंदोलन का मकसद फिलहाल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि युवाओं में राजनीतिक जागरूकता फैलाना है।
क्या था CJI सूर्यकांत का ‘कॉकरोच और पैरासाइट’ वाला बयान?
विवाद बढ़ने के बाद चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने इस पर सफाई दी। CJI ने कहा: “मेरी टिप्पणी देश के आम बेरोजगार युवाओं के लिए नहीं थी। यह उन लोगों के लिए थी जो फर्जी और नकली डिग्रियों के सहारे वकालत, मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई (RTI) एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम में घुस आए हैं और परजीवियों (Parasites) की तरह सिस्टम पर हमला करते हैं।”









