Latehar: लातेहार जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मनिका थाना क्षेत्र के शिंजो पंचायत में एक बेटे ने मामूली डांट से नाराज होकर अपने ही पिता की कुदाल से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा फरार बताया जा रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद बेटा फरार
मृतक की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनका बेटा चंदन सिंह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात किसी बात को लेकर पिता ने बेटे को हल्की डांट लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर चंदन सिंह ने घर में रखे कुदाल से पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही राजकुमार सिंह की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। देर रात घटना होने के कारण आसपास के लोगों को तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मानसिक रूप से बीमार था आरोपी
सूचना मिलने पर मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक की पत्नी ने बताया कि चंदन सिंह मानसिक रूप से बीमार था और कुछ दिन पहले ही उसका इलाज रांची से कराकर घर लाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह छोटी-छोटी बातों पर भी गुस्से में आ जाता था।









