Ranchi इन दिनों भीषण उमस भरी गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती की दोहरी मार झेल रहा है। तापमान भले ही सामान्य सीमा में हो, लेकिन हवा में बढ़ी नमी और अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। दिन हो या रात, शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अब लोग सरकार से सवाल पूछने लगे हैं कि आखिर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का वादा जमीन पर कब उतरेगा।
उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती बनी मुसीबत
गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर घरेलू जीवन पर पड़ रहा है। पंखे, कूलर और एसी बंद होते ही घरों में घुटन जैसी स्थिति बन जा रही है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिजली संकट और गहरा गया है। कभी तकनीकी खराबी तो कभी मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
इन इलाकों से सबसे ज्यादा शिकायतें
राजधानी के कडरू, डोरंडा, हरमू, अरगोड़ा और नामकुम,मोराह्बादी जैसे इलाकों में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि दिन में कई बार बिजली जाने से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति से छोटे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। दुकानों और प्रतिष्ठानों में इनवर्टर और जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
बिजली संकट को लेकर सोशल Media पर भी लोगों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। “बिजली दो सरकार” और “लोड शेडिंग बंद करो” जैसे संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि हर साल गर्मी के मौसम में ही बिजली व्यवस्था क्यों चरमरा जाती है और विभाग समय रहते तैयारी क्यों नहीं करता।
फिलहाल, उमस भरी गर्मी और बिजली संकट ने राजधानीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हर घर से एक ही आवाज उठ रही है — “बिजली दो सरकार, अब और नहीं सहा जाता।”









