रांची: राजधानी रांची में अतिक्रमण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर Nagar Nigam ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
कांके डैम क्षेत्र में 3 अवैध खटाल हटाए गए
नगर निगम की टीम ने वार्ड संख्या-01 स्थित कांके डैम के तटवर्ती क्षेत्र में अतिक्रमण कर संचालित किए जा रहे तीन अवैध खटालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाकर ध्वस्त कर दिया। निगम का कहना है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में अभियान चलाकर 11 अवैध पिगरी (सुअर पालन केंद्र) हटाए गए थे।
नगर निगम के अनुसार, इन अवैध पशुपालन गतिविधियों से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के कारण कांके डैम के जलस्रोत और आसपास के पर्यावरण के प्रदूषित होने की आशंका बनी हुई थी। इससे जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जलस्रोतों, कैचमेंट क्षेत्रों और सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
पिस्का मोड़ से ITI बस स्टैंड मार्ग तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
इसी दिन नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने पिस्का मोड़ से ITI बस स्टैंड मार्ग तक विशेष अतिक्रमण मुक्त अभियान भी चलाया। अभियान के दौरान सड़क और नालियों के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल पांच अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया, जबकि दो गुमटी और एक ठेला जब्त किया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था को सुगम करना और नालियों में जल प्रवाह को बाधारहित बनाए रखना है।
लोगों को दी चेतावनी
Nagar Nigam ने संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शहर के जलाशयों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार का कचरा या अपशिष्ट जलस्रोतों में न डालें।
नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









