रांची/धनबाद: झारखंड में एक बार फिर दो कुख्यात आपराधिक गिरोहों के बीच टकराव की आशंका गहरा गई है। कोयलांचल समेत पूरे राज्य में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने गैंगस्टर Prince Khan और उसके प्रतिद्वंद्वी Rahul Singh के बीच सोशल मीडिया पर खुली जंग छिड़ गई है। राहुल सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए एक वायरल पोस्ट और कथित ऑडियो संदेश ने संभावित गैंगवार की चर्चाओं को तेज कर दिया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में Prince Khan को खुली चुनौती
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में Rahul Singh ने सीधे तौर पर Prince Khan को चुनौती देते हुए लिखा कि वह तैयार रहे, क्योंकि “मेरे देश, मेरे काम और मेरे लोगों से उलझने का परिणाम जल्द मिलेगा।” पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि प्रिंस खान दुनिया के किसी भी कोने में रहेगा, उसे वहीं निशाना बनाया जाएगा। साथ ही उसके परिवार का जिक्र करते हुए भी धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
पोस्ट में धनबाद और पाकिस्तान का उल्लेख करते हुए भी कई आपत्तिजनक और उकसाऊ बातें लिखी गई हैं। इस पोस्ट के सामने आने के बाद झारखंड के अपराध जगत में एक बार फिर गैंगवार की आशंका गहरा गई है।
वायरल कथित ऑडियो से बढ़ी हलचल
सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप भी तेजी से वायरल हो रही है, जिसे राहुल सिंह का बताया जा रहा है। इस ऑडियो में प्रिंस खान और उसके नेटवर्क के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। साथ ही प्रिंस खान के भाई गोपी का नाम लेते हुए धमकी देने का भी दावा किया जा रहा है।
कथित ऑडियो में यह भी कहा गया है कि जो लोग प्रिंस खान का साथ देंगे, उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ऑडियो में पाकिस्तान का जिक्र करते हुए भी कई धमकी भरे बयान सुनाई देते हैं। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कानून-व्यवस्था पर बढ़ सकती है चुनौती
दोनों आपराधिक गिरोहों के बीच सोशल मीडिया पर इस तरह खुलेआम धमकियों का आदान-प्रदान कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है। पिछले कुछ समय से झारखंड, खासकर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में रंगदारी, फायरिंग और गैंग गतिविधियों की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में इस नए घटनाक्रम के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क नजर आ रही हैं।
डिस्क्लेमर
खबर मंत्र वायरल हो रहे कथित ऑडियो की सत्यता या उसमें की गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर प्रकाशित की गई है। मामले में यदि पुलिस या संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी होता है, तो खबर को उसी अनुसार अपडेट किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








