Koderma: कोडरमा में रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह के रुप में हुई है। हादसा गुमो स्थित पुल पर हुआ। अमरजीत की बाइक सड़क पर खराब खड़ी पिकअप वैन से टकरा गई।
कोडरमा के केटीपीएस पावर प्लांट में काम करता था मृतक
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक अमरजीत चतरा जिले के मंझगांवा का रहने वाला था और कोडरमा के केटीपीएस पावर प्लांट में काम करता था। सोमवार करीब 12 बजे वह बाइक से झुमरीतिलैया की ओर आ रहा था।
बताया गया कि गुमो स्थित पुल से कुछ पहले अमरजीत एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने सड़क पर खराब खड़ी पिकअप वैन आ गई। पुल पर होने के कारण बाइक को किनारे करने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और वह पिकअप से जा टकराई।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत
हादसे में अमरजीत के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और उसे सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
मुख्य मार्ग पर खराब वाहनों को बिना पर्याप्त चेतावनी संकेत के खड़ा करना राहगीरों के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







