Ranchi: झारखंड सरकार की छात्र हितैषी योजनाओं के तहत सोमवार को रांची के TVS CM SOE, जगन्नाथपुर क्लस्टर प्वाइंट पर साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने 10 सरकारी विद्यालयों के कुल 693 छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क साइकिल वितरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़कर विशेष कोचिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है।
ड्रॉपआउट दर कम करने में मदद मिलेगी-चमरा लिंडा
उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। मंत्री ने कहा कि साइकिल वितरण योजना से दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और ड्रॉपआउट दर कम करने में मदद मिलेगी।
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की इस योजना के तहत रांची जिले में वर्ष 2026-27 के लिए 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग और कल्याण विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।










