Bokaro: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिलाओं से सोने की चेन और लॉकेट छीनने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय चेन स्नैचर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर इस ऑपरेशन के लिए तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया गया था। लगातार आठ दिनों तक चली तकनीकी और मानवीय जांच के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री और लूटी गई संपत्ति भी बरामद की गई है।
ओडिशा से संचालित हो रहा था गिरोह
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। गिरोह का मुख्य सरगना भोला दास (30 वर्ष) ओडिशा के जाजपुर जिले का निवासी है। उसके खिलाफ झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा पुलिस ने राणा उर्फ रजनीश (धनबाद), बिट्टू सिंह, श्रवण सिन्हा और परमानंद वर्मा को भी गिरफ्तार किया है। राणा के खिलाफ चास और धनबाद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चार जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड के बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और रामगढ़ जिलों तक फैला हुआ था। आरोपी सुनसान सड़कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अकेली महिलाओं की रेकी करते थे।
मौका मिलते ही वे झपट्टा मारकर सोने की चेन या लॉकेट छीन लेते थे और बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे। इसी वजह से पुलिस को इन अपराधियों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
सुनारों और खरीदारों की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि यह गिरोह कई राज्यों और जिलों में सक्रिय था। अब पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच कर रही है।
पुलिस उन सुनारों और संभावित खरीदारों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो इन अपराधियों से चोरी और लूट के जेवर खरीदते थे। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








