Ayodhya: Ayodhya Ram Mandir Trust की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार दोपहर 3 बजे अयोध्या में शुरू हुई। बैठक के दौरान ट्रस्ट से जुड़ा एक बड़ा फैसला सामने आया। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि, चंपत राय बैठक में शामिल नहीं हुए।
गोपाल राव को बैठक स्थल के बाहर रोका गया
बैठक के दौरान एक और घटनाक्रम देखने को मिला। ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव जब बैठक स्थल पर पहुंचने का प्रयास कर रहे थे, तब उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के सदस्यों ने उन्हें बैठक कक्ष से बाहर जाने के लिए कहा, जिसके बाद वे वहां से लौट गए।
अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर भी मंथन
सूत्रों के अनुसार, चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद ट्रस्ट के सदस्यों के बीच अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर भी चर्चा जारी है। बैठक में इस विषय पर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बैठक के बाद शाम करीब 5:30 बजे ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज मीडिया को बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दे सकते हैं।
राम मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ट्रस्ट की बैठक को देखते हुए राम मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है तथा बैरिकेडिंग कर चारपहिया वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के कई पदाधिकारी अयोध्या पहुंचे।
चढ़ावे के प्रबंधन और प्रशासनिक मामलों पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राम मंदिर के प्रशासनिक और वित्तीय मामलों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़े मुद्दों और हाल के दिनों में लगे आरोपों की भी समीक्षा होने की संभावना है। इसके अलावा ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों से जुड़े मामलों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
फैसलों पर टिकी सबकी नजर
राम मंदिर ट्रस्ट की इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। चंपत राय के इस्तीफे पर मुहर लगने के बाद अब सभी की निगाहें अनिल मिश्रा समेत अन्य महत्वपूर्ण फैसलों पर टिकी हैं। बैठक के निष्कर्ष आने के बाद ट्रस्ट की आगे की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक दिशा को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








