Giridih: गिरिडीह के बगोदरथाना क्षेत्र के हेसला में शुक्रवार अहले सुबह भाजपा कार्यकर्ता मिथिलेश यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जीटी रोड के सर्विस रोड स्थित कपसा मोड़ के पास पड़ा था और वह खून से लथपथ था। घटना देर रात की होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, लोगों ने कर दिया सड़क जाम
सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की
बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने घटना को दुखद बताते हुए एसडीपीओ से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व विधायक ने भी दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
मौके पर प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और भाकपा माले नेता रामेश्वर यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.