Giridih: गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के नयासांखो गांव में विवाहिता शेंपू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2021 में हुई थी शादी, दहेज को लेकर होता था विवाद
मृतका के भाई आशीष चौबे के अनुसार, शेंपू देवी की शादी वर्ष 2021 में तिलयडीह गांव निवासी बसंत कुमार तिवारी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष सोने की चेन और बाद में नकद रुपये की मांग करने लगा। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शेंपू देवी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पति ने दी आत्महत्या की सूचना, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन पति ने फोन कर बताया कि शेंपू देवी ने आत्महत्या कर ली है। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। उनका आरोप है कि पहले हत्या की गई और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मृतका अपने पीछे चार साल का बेटा और एक साल की बेटी छोड़ गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी सच्चाई
घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। एएसआई राधेश्याम चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने यह भी कहा कि मायके पक्ष की लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More- Crime News: सांप से डसवाकर पति की हत्या, पत्नी का शादीशुदा वैन चालक से था अफेयर
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या की साजिश। पूरे इलाके की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
Read More- रातू के चटकपुर में दम घुटने से महिला समेत मासूम की मौत, ननद और बच्चा गंभीर

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









