Giridih: गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर में मंगलवार रात सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) के एक पॉलिटेक्निक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगबाटा निवासी सौरव राज के रूप में हुई है।
एक मकान में किराए पर रहता था युवक
सौरव राज गिरिडीह के एसआईटी में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था और शीतलपुर में एक मकान में किराए पर रहता था। मंगलवार रात उसने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद वहां रहने वाले अन्य लोगों की नजर कमरे पर पड़ी। इसके बाद सौरव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतिम वर्ष का छात्र था युवक
घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन गिरिडीह पहुंचे।
मृतक के पिता विनय कुमार दास ने बताया कि सौरव एसआईटी में पॉलिटेक्निक के इंटीग्रेटेड कोर्स में पढ़ रहा था। दो वर्षीय कोर्स का उसका अंतिम वर्ष चल रहा था। वह शीतलपुर निवासी लाला शर्मा के मकान में रहकर पढ़ाई करता था।
पिता के अनुसार, सौरव पढ़ाई के अलावा कोई अन्य काम नहीं करता था। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ऐसा कदम उठाने की वजह क्या रही।
पुलिस जांच में जुटी
मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












