Koderma: कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में बड़ी सड़क दुर्घटना घट गई। सावन के पवित्र महीने में देवघर से लौट रहे कांवरियों से भरी एक बस शुक्रवार की अहले सुबह हादसे का शिकार हो गई। देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर देवघर गई थी बस
घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया है। एक घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हुई, जिसकी पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है। दो अन्य लोगों की मौत सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई।
जानकारी के अनुसार, बस करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर देवघर गई थी। गुरुवार रात बासुकीनाथ से बस राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई। शुक्रवार सुबह पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई कांवरिया अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान चलाया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों और अन्य कांवरियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.