भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा का रांची पहुंचने पर भव्य स्वागत-सीबीआई जांच की मांग
झारखंड से राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद पहली रांची यात्रा पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने संगठन विस्तार के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग उठाई।
Ranchi: भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री और झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के बुधवार को पहली बार रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के लोगों ने स्वागत किया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे और पुष्पगुच्छ व मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
संगठन को मजबूत और व्यापक बनाना उनकी प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह दायित्व झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह और संगठन के प्रति उनके योगदान का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री के रूप में संगठन को मजबूत और व्यापक बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात भी उन्होंने कही।
परीक्षा विवाद पर सरकार को घेरा
छात्र आंदोलन और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर वर्मा ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द किए जाने के बाद भी सरकार सीबीआई जांच से क्यों बच रही है, यह सवाल बना हुआ है।
उन्होंने निष्पक्ष और विस्तृत सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि इससे गड़बड़ी और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के न्याय और पारदर्शी व्यवस्था के मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.