Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी में कपड़ा-मोबाइल दुकान से जुड़े युवक इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक गौरव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
दुकान संचालक गंभीर रुप से घायल, सदर अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शी सईद नसीम के अनुसार, वह इम्तियाज की दुकान के पास चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक दुकान से निकलकर भागने लगा। इसके तुरंत बाद इम्तियाज भी खून से लथपथ हालत में बाहर निकले और उसका पीछा किया। कुछ दूर जाकर वह सड़क पर गिर पड़े। दुकान के अंदर और बाहर खून के निशान मिले हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल ले जाते समय इम्तियाज ने गौरव कुमार नाम के युवक पर चाकू मारने का आरोप लगाया था।
दुकान के पास नए मोबाइल का डिब्बा और रसीद बरामद
पुलिस जांच के दौरान दुकान के पास नए मोबाइल का डिब्बा और रसीद मिली, जिस पर गौरव कुमार सिंह का नाम दर्ज था। दुकान के काउंटर से उसके आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिलने की बात सामने आई है।
Read More- रांची में व्यवसाय के नाम पर 80.60 लाख धोखाधड़ी, छह लोगों पर FIR
बताया जा रहा है कि गौरव मोबाइल खरीदने दुकान पर आया था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद गौरव वहां से चला गया और कुछ देर बाद चाकू लेकर लौटकर इम्तियाज पर हमला कर दिया।
NH-20 पर रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम
इधर, इम्तियाज को हजारीबाग रेफर किए जाने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने NH-20 पर रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
Read More- कोडरमा में दिनदहाड़े युवक पर चाकू से हमला, रांची-पटना मार्ग जाम
इसी दौरान घटनास्थल पर छूटी गौरव की मोटरसाइकिल को एक युवक ने सड़क पर लाकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोग घायल के परिवार को मुआवजा देने का लिखित आश्वासन मांग रहे हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








