Ranchi: वियतनाम के दलात शहर में एक भीषण सड़क हादसे में योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा उर्फ यश वर्मा की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में उसके दोस्त जमशेदपुर के कदमा के रहने वाले विनय कुमार यादव गंभीर रुप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम करता था राजा
राजा कुमार वर्मा सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली, चूना भट्ठा स्थित नारायण प्रजापति पथ के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके घर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदार और पड़ोसी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, राजा पिछले कुछ समय से वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। वह एक निजी घर में योग की कक्षा लेने के बाद दोस्त विनय के साथ स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच घाटी क्षेत्र में स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई।
घटनास्थल पर ही राजा की मौत
टक्कर में राजा के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, राजा करीब एक साल पहले वियतनाम गए थे। करीब तीन महीने पहले उन्होंने दलात में अपना ठिकाना बनाया था और वहीं योग सिखाने का काम कर रहे थे। वियतनाम में रहने वाले उनके मामा राहुल कुमार ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
शव रांची लाने की प्रक्रिया शुरू
राजा का पार्थिव शरीर वियतनाम से रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरी कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। परिजनों के मुताबिक, प्रक्रिया समय पर पूरी होने पर सोमवार शाम तक विमान से शव रांची पहुंचने की उम्मीद है।
राजा की असमय मौत से सुखदेवनगर स्थित उनके आवास और आसपास का इलाका गमगीन है। परिवार के लोग शव के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









