Asansol: बोलपुर शहर में रविवार देर शाम भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान त्रिशूलापट्टी निवासी चंदन भल्ला के रूप में हुई है। दलीय सूत्रों के अनुसार, चंदन भल्ला बोलपुर के 11 नंबर वार्ड स्थित 201 नंबर बूथ के भाजपा अध्यक्ष थे। आरोप है कि त्रिशूलापट्टी इलाके में ही उन्हें बेहद करीब से गोली मारी गई।
विधानसभा चुनाव से पहले लगातार मिल रही थी धमकियां
गंभीर हालत में चंदन को रविवार रात बोलपुर उप-मंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बोलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक की पत्नी श्यामली भल्ला ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से उनके पति की हत्या की गई है। उनका दावा है कि विधानसभा चुनाव से पहले चंदन को लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिवार ने घटना में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों की भूमिका की आशंका जताते हुए दोषियों की कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
राजनीतिक रंजिश में हत्या की आशंका
मृतक के बेटे शुभकांति भल्ला ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में देखा। उन्होंने राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई, हालांकि साथ ही यह भी कहा कि उनकी अपनी पार्टी के लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस बयान के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। परिवार के अनुसार, चंदन भल्ला वर्ष 2015 से भाजपा से जुड़े थे और 2021 से सक्रिय रूप से पार्टी संगठन का काम कर रहे थे।
परिवार का दावा है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें अपना घर छोड़कर जाना पड़ा था और उस समय उनके घर में तोड़फोड़ का आरोप भी लगाया गया था। पिछले विधानसभा चुनाव सहित मौजूदा चुनाव में भी उन्होंने चुनावी एजेंट की जिम्मेदारी निभाई थी। पेशे से मुहरी चंदन जमीन संबंधी काम भी करते थे।
24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम
बताया गया कि रविवार दोपहर चंदन किसी व्यक्ति को जमीन दिखाने के लिए घर से निकले थे। शाम को लौटने के दौरान त्रिशूलापट्टी इलाके में उन्हें गोली मार दी गई। घटना के बाद भाजपा नेतृत्व ने पुलिस-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के बोलपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों से किया इंकार
उन्होंने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी की ओर से कड़ा कदम उठाने की बात कही। वहीं, भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए बोलपुर के तृणमूल कांग्रेस विधायक चंद्रनाथ सिंह ने कहा कि इस घटना से तृणमूल कांग्रेस का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने घटना को आपसी गुटबाजी या अंदरूनी विवाद का परिणाम होने की संभावना जताई।
फिलहाल हत्या की इस वारदात को लेकर बोलपुर में राजनीतिक तनाव का माहौल है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चंदन भल्ला पर हमला किसने किया, हत्या की वजह क्या थी और क्या इस वारदात का कोई राजनीतिक संबंध है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









