Dhanbad: धनबाद जिले के भूली ओपी क्षेत्र की पुलिस ने साइबर ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांडरपाला दास बस्ती निवासी राहुल कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस जांच में उसके मोबाइल नंबरों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के 53 मामलों की शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज मिली हैं।
प्रभारी साइबर डीएसपी प्रकाश कुमार साव ने सोमवार को बताया कि 27 सितंबर की शाम एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से साइबर अपराध किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। तकनीकी जांच में मोबाइल नंबर की लोकेशन पांडरपाला दास बस्ती में मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया।
साइबर ठगी से संबंधित 53 शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे तत्काल पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल कुमार दास के रूप में हुई। उसके पास से बरामद सैमसंग और रियलमी मोबाइल फोन की जांच में साइबर ठगी से संबंधित 53 शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








