लोहरदगा: जिले में एक बार फिर कथित तौर पर राहुल सिंह गिरोह के नाम पर लेवी और धमकी का मामला सामने आया है। इस बार शहरी क्षेत्र के मैनाबगीचा के पास स्थित वर्मा सीमेंट दुकान को निशाना बनाया गया है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे दुकान पर फायरिंग की गई। घटना से पहले कारोबारी को WhatsApp के जरिए धमकी भरा मैसेज भी भेजा गया था।
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया है, जिसमें ‘आजाद सरकार’ नाम से राहुल सिंह गिरोह के साथ होने का दावा करते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई है।
पोस्ट में क्या लिखा गया?
सामने आए पोस्ट में लिखा है—
“जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखंड। लोहरदगा मैनाबगीचा के पास वर्मा सीमेंट दुकान में जो गोली चला है, उसका जिम्मेवारी में आजाद सरकार लेता हूं। राहुल सिंह गैंग से तुम्हारा कॉल नहीं रिसीव करने का नतीजा है। दोबारा कॉल रिसीव नहीं किया तो सीधा खोपड़ी में गोली मरवा देंगे, याद रखना।”
पोस्ट के अंत में “राहुल सिंह गैंग” और “आजाद सरकार” लिखा हुआ है।
हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग के पीछे कौन लोग हैं और वायरल पोस्ट वास्तव में घटना से जुड़ा है या नहीं।
दो दिन पहले WhatsApp पर मिली थी धमकी
जानकारी के अनुसार, सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा को घटना से करीब दो दिन पहले WhatsApp के माध्यम से कथित तौर पर लेवी के लिए धमकी मिली थी। मैसेज में रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।
राजेंद्र वर्मा ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की थी। बताया जा रहा है कि इस मामले में दो दिन पहले प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी।
शाम 5 बजे दुकान पर चली गोली
इसी बीच शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अज्ञात अपराधियों ने मैनाबगीचा के पास स्थित वर्मा सीमेंट दुकान पर फायरिंग कर दी। गोली दुकान के शटर पर लगी, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, एसपी ने कही ये बात
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी के अनुसार, पुलिस को इस तरह की घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि फायरिंग किसने की, वायरल पोस्ट किसने बनाया और क्या इसका संबंध कथित राहुल सिंह गिरोह से है?
शहरी इलाके में कारोबारी की दुकान पर फायरिंग और उससे पहले सामने आई धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब अपराधियों की पहचान और घटना के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने में जुटी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











