Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के बेलडीह गांव में शनिवार को नदी से बालू उठाव को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। बालू लदे ट्रैक्टरों पर कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक वाहन गांव में घिरा रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि बेलडीह नदी से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से बालू उठाया जाता है। शनिवार को भी कई ट्रैक्टर बालू लेकर गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान मरकच्चो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तीन बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ा
ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस ने तीन बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ा और गांव से बाहर ले गई। आरोप है कि कुछ दूरी पर इन ट्रैक्टरों से बालू खाली कराकर उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
सूचना मिलने पर मरकच्चो अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी बमबम कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद पुलिसकर्मी और वाहन वहां से निकल सके। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
थाना प्रभारी ने आरोपों को नकारा
थाना प्रभारी बमबम कुमार ने बताया कि शनिवार को बेलडीह के एक व्यक्ति का अवैध रूप से बालू ढो रहा ट्रैक्टर जब्त कर थाने लाया गया था। बाद में पुलिस नदी के पास पहुंची तो बालू लोड करने पहुंचे तीन ट्रैक्टर पुलिस को देखकर भाग निकले।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने उन तीन ट्रैक्टरों को नहीं पकड़ा और न ही छोड़ा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद छोड़े गए, इसलिए सुबह जब्त ट्रैक्टर को भी छोड़ा जाना चाहिए। कुछ बालू कारोबारियों पर ग्रामीणों को उकसाने की चर्चा भी है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












