Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को राज्य में व्यापक रूप से चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रविवार को जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ Zoom Conference के जरिए बैठक की।
बैठक में सभी प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” के रूप में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, स्थानीय राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रत्येक जिले में “वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च” आयोजित किया जाए।
जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए मार्च का आयोजन करें। यह मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा अथवा जिला समाहरणालय/डीएम कार्यालय तक निकाला जाएगा।
मार्च के निर्धारित स्थल पर पहुंचने के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके उपरांत भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन का भी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी जिला कांग्रेस कमिटियों, पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से आह्वान किया है कि “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रमों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करते हुए अभियान को सफल बनाएं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











