रांची: Ranchi University में पीएचडी नामांकन के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया गुरुवार, 22 अक्टूबर से शुरू हो रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इंटरव्यू को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ भी रांची पहुंच चुके हैं, जो संबंधित विषयों के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू में शामिल होंगे।
रांची विश्वविद्यालय की कुल 331 पीएचडी सीटों पर नामांकन के लिए 567 अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे। शोध निदेशक डॉ. एमपी हसन ने बताया कि इंटरव्यू की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया पर विश्वविद्यालय की ओर से नजर रखी जाएगी।
22 से 24 अक्टूबर तक होगा इंटरव्यू
पीएचडी नामांकन इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की ओर से पहले ही जारी की जा चुकी है। सूची के अनुसार अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों पर बुलाया गया है। इंटरव्यू की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
अभ्यर्थी रांची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी सूची देखकर अपनी निर्धारित तिथि और संबंधित जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। कुछ अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 22 अक्टूबर, कुछ का 23 अक्टूबर, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को 24 अक्टूबर को बुलाया गया है।
चार सदस्यीय कमेटी करेगी इंटरव्यू
पीएचडी नामांकन के लिए होने वाले इंटरव्यू के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें डीआरसी अध्यक्ष, कुलपति द्वारा मनोनीत संबंधित विषय के विशेषज्ञ, शोध निदेशालय द्वारा मनोनीत एक सदस्य और विभागीय पीएचडी समन्वयक शामिल होंगे।
इंटरव्यू से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। आवश्यकतानुसार डीआरसी की ओर से संबंधित विश्वविद्यालय विभाग के संयोजक को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
नेट/जेआरएफ स्कोर और इंटरव्यू के आधार पर चयन
पीएचडी में अंतिम चयन नेट/जेआरएफ के 70 प्रतिशत स्कोर और इंटरव्यू के 30 प्रतिशत अंक के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी के मूल्यांकन के लिए स्कोरकार्ड की छायाप्रति सभी पैनल सदस्यों को उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्येक सदस्य अभ्यर्थी को स्वतंत्र रूप से अंक देंगे और स्कोरकार्ड पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद सभी सदस्यों द्वारा दिए गए अंकों का औसत निकाला जाएगा। इसी आधार पर अंतिम स्कोरकार्ड तैयार किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद निर्धारित मानकों के आधार पर पीएचडी की 331 सीटों के लिए अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









