नालंदा: बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बहाने एक युवती को बुलाकर उसके साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती आर्केस्ट्रा में काम करती है। आरोप है कि डांस कार्यक्रम के नाम पर उसे और उसकी एक साथी को किराये के मकान में बुलाया गया था। वहां मौजूद सात युवकों में से दो पर युवती के साथ जबरदस्ती करने का आरोप लगा है।
डांस कार्यक्रम के नाम पर कमरे में बुलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के एक मकान में कुछ युवक किराये पर रहकर पढ़ाई करते हैं। इनमें से एक युवक का जन्मदिन था। पार्टी में डांस कार्यक्रम कराने के लिए आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियों को बुलाया गया था।
पीड़िता के अनुसार, जब दोनों युवतियां कमरे में पहुंचीं तो वहां सात युवक मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान उसकी साथी वहां से चली गई। आरोप है कि इसके बाद दो युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि वह आरोपित युवकों को पहले से नहीं जानती थी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर डीएसपी-1 अमरनाथ और लहेरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया।
FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि जांच में मदद मिल सके।
पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू
पुलिस दोनों युवतियों को अपने साथ थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी अभी आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









