Bokaro: बोकारो जिले में सीसीएल के कथारा क्षेत्र की कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। कोयले का विशाल ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब दो से ढाई बजे स्टॉक यार्ड में हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जलावन के लिए कोयला चुनने गई थी महिलाएं
जानकारी के अनुसार, बांध बस्ती के कुछ ग्रामीण घरेलू इस्तेमाल और जलावन के लिए कोयला चुनने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कोयले का ढेर धंस गया और वहां मौजूद आठ लोग मलबे में दब गए।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान गुल्लू यादव की पत्नी पुष्पा देवी, विश्वनाथ की पत्नी कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी सहोदरी देवी के रूप में हुई है। सभी मृतक और घायल बांध बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं।
मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुट गए। बाद में पुलिस, सीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) रेफर किया गया।
Read More- 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ धराया होमगार्ड का मुंशी, पलामू में एसीबी की कार्रवाई
रात में स्टॉक यार्ड में प्रवेश पर उठे सवाल
इस हादसे ने सीसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर रात दो बजे ग्रामीण स्टॉक यार्ड तक कैसे पहुंचे? क्या वहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था थी? इन पहलुओं की जांच जरूरी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के शिकार लोग सीसीएल कर्मचारी नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीण थे। पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों तथा स्टॉक यार्ड में ग्रामीणों की मौजूदगी की जांच कर रहे हैं।हादसे के बाद बांध बस्ती और कथारा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









