Gumla: गुमला जिले से दो महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी और शवों को एंबुलेंस से ले जाकर सिमडेगा के वीरू जंगल में दफना दिया। पुलिस ने बुधवार को दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से चल रहा था पारिवारिक विवाद
मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया और राधिका कुमारी के रूप में हुई है। मिनी प्रिया के पति शिव शंकर साहू और राधिका के पति नवीन साहू हैं। दोनों भाइयों पर हत्या का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों भाई अपनी पत्नियों को लेकर समसेरा स्थित घर चले गए। सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उनका संपर्क टूट गया।
एंबुलेंस से जंगल ले गए शव
आरोप है कि घर में दोबारा विवाद होने के बाद दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों की हत्या कर दी। इसके बाद शिव शंकर ने एंबुलेंस की मदद से दोनों शवों को सिमडेगा के वीरू जंगल पहुंचाया और वहां दफना दिया।
Read More- हजारीबाग में शादी के रश्मों के बीच चली गोली-एक की मौत और दूसरा गंभीर
मंगलवार को दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बेटे के साथ गुमला थाना पहुंचे और महिलाओं के लापता होने की जानकारी दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की। पूछताछ में शिव शंकर ने कथित तौर पर हत्या और शव दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस जब्त कर ली।
बुधवार सुबह जंगल से मिले दोनों शव
आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार रात पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शव नहीं मिले। बुधवार सुबह तीन सदस्यीय टीम ने दोबारा खोजबीन की, जिसके बाद दोनों शव बरामद हुए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा भेजा गया है।
Read More- कोडरमा में स्कॉर्पियो और बाइक में भीषण टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत-धनतेरस पर जिद कर खरीदी थी बुलेट
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजन सदर थाने पहुंचे। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









