Jharkhand: शनिवार सुबह रांची एटीएस की टीम ने धनबाद के वासेपुर स्थित शमशेर नगर में छापेमारी कर पति-पत्नी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। टीम ने आयान और उसकी पत्नी शबनम को उनके घर से पकड़ा, जहां से कई धार्मिक पुस्तकें और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके साथ ही दो अन्य युवकों — युसूफ और कौशल को भी हिरासत में लिया गया है।
एटीएस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने भूली ए ब्लॉक के क्वार्टर संख्या 398 में भी दबिश दी, जहां हारून रसीद से पूछताछ की गई। जानकारी के अनुसार, एटीएस की टीम हारून रसीद के दुबई में रह रहे बेटे की तलाश में यहां पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से जिलेभर में छापेमारी अभियान अब भी जारी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अधिकारी फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी हो सकती है।
Read More: झारखंड में बढ़ती गर्मी के कारण बदली स्कूलों की टाइमिंग
पटना में भी रातभर छापेमारी अभियान
उधर, पटना में शुक्रवार देर रात उस समय हलचल तेज हो गई जब पहलगाम हमले के संदिग्धों से मिलते-जुलते चेहरों वाले दो युवकों को देखा गया। कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन टीमों का गठन किया और शहर के प्रमुख इलाकों में छापेमारी की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन युवकों की पहचान की गई और उन्हें फ्रेजर रोड स्थित एक अपार्टमेंट से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक दरभंगा के रहने वाले हैं और कपड़े के कारोबार से जुड़े हैं। स्थानीय थाने से सत्यापन के बाद उन्हें बांड भरवाकर छोड़ दिया गया।










