Ranchi News: राजधानी रांची के यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची शहर को रिंग रोड से जोड़ने वाली दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है. इन परियोजनाओं पर कुल ₹442 करोड़ खर्च किए जाएंगे.
शहीद मैदान से रिंग रोड तक बनेगा 6 लेन हाईवे
स्वामी विवेकानंद स्कूल मोड़ के पास स्थित शहीद मैदान से लेकर रिंग रोड तक एक 8.29 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क का निर्माण झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा. इस पर कुल ₹301 करोड़ खर्च किए जाएंगे.
यह मार्ग जगन्नाथपुर मंदिर, झारखंड हाई कोर्ट, नई विधानसभा और NTPC पावर स्टेशन से होकर गुजरेगा, और सीधे रिंग रोड से जुड़ जाएगा. इसके बन जाने से रांची के भीतरी हिस्सों पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा.
Read more- हज– नफरत नहीं, मोहब्बत का सफर है बोले डॉ. इरफान अंसारी
पुराना अरगोड़ा चौक से नया सराय रिंग रोड तक बनेगी 4 लेन सड़क
दूसरी बड़ी योजना के तहत पुराना अरगोड़ा चौक से पुंदाग होते हुए नया सराय रिंग रोड तक 6.175 किलोमीटर लंबी 4 लेन सड़क बनाई जाएगी. इस पर ₹141 करोड़ का खर्च प्रस्तावित है और निर्माण कार्य पथ निर्माण विभाग स्वयं करेगा. इस सड़क की चौड़ाई वर्तमान 5.5–7 मीटर से बढ़ाकर 14 मीटर की जाएगी. यह मार्ग IIM रांची, RBI कार्यालय, पासपोर्ट कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण कार्यालयों से होकर गुजरेगा.
मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माण कार्य
दोनों परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है. तकनीकी स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और अब यह योजनाएं प्रशासनिक मंजूरी की अंतिम प्रक्रिया में हैं. जल्दी ही राज्य कैबिनेट से अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है.
Read more- पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
रिंग रोड से जुड़ेगा रांची, इन जिलों को मिलेगा सीधा फायदा
इन सड़कों के माध्यम से रांची शहर अब बेहतर ढंग से गुमला, लोहरदगा, लातेहार और डालटनगंज जैसे जिलों से जुड़ेगा. इससे भारी वाहनों को शहर के मुख्य मार्गों से डायवर्ट किया जा सकेगा और यातायात जाम की समस्या में भारी कमी आएगी.













