Ranchi: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-सोनुवा मेन रोड पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। कॉन्सेप्ट पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार साईं रथ बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक चेलाबेड़ा गांव निवासी कृष्णा नायक अपने दोस्तों गणेश नायक और श्यामलाल के साथ एक ही बाइक पर सोनुवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
गम्हरिया की एक कंपनी में काम करता था मृतक
मृतक कृष्णा नायक के पिता मोनो नायक ने बताया कि उनका बेटा गम्हरिया की एक कंपनी में काम करता था और छुट्टी लेकर घर आया था। वह अपने दोस्तों को तोयरा गांव के मेले में छोड़ने जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।







