Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, दूध और दही जैसी बुनियादी वस्तुओं की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को ‘जनता की कमर तोड़ने वाला’ करार दिया।
जनता को त्याग की सलाह और खुद विदेश दौरा
पुतला दहन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब देश संकट में था, तब केंद्र सरकार चुनाव प्रचार में व्यस्त थी और आज जब जनता को राहत की जरूरत है, तब प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को तेल कंपनियों के छोटे से नुकसान की तो फिक्र है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानी उन्हें दिखाई नहीं दे रही।
महंगाई दर 8.3% के पार, रसोई का बजट चौपट
कांग्रेस अध्यक्ष ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में थोक महंगाई दर पिछले 42 महीनों के उच्चतम स्तर 8.3% पर पहुंच गई है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी के घर और रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। उन्होंने केंद्र की आर्थिक और विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि सरकार “प्यास लगने पर कुआं खोदने” की नीति पर काम कर रही है।
सलाह नहीं, समाधान चाहिए
कांग्रेस ने केंद्र सरकार के मंत्रियों पर भी निशाना साधा। केशव महतो ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री जनता को सोना न खरीदने, विदेश न जाने और यूरिया कम इस्तेमाल करने जैसी ‘त्याग’ की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके मंत्री साइकिल और ई-रिक्शा से चलने का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता को कोरी गप्पबाजी और सलाह नहीं, बल्कि कीमतों में कटौती के रूप में ठोस समाधान चाहिए।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन में विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, सुरेश बैठा, शहजादा अनवर सहित सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से पेट्रोलियम पदार्थों और खाद्य वस्तुओं के दाम कम करे।








