Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित छप्पन सेट में रविवार को सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से कलश स्थापना के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और माँ दुर्गा के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक उत्साह के बीच महिलाओं ने बटन तालाब से पवित्र जल भरकर कलश स्थापना की।
शोभायात्रा छप्पन सेट स्थित दुर्गा मंडप से शुरू होकर गोरखा चौक, अंबेडकर चौक और विवेकानंद चौक होते हुए बटन तालाब पहुंची। वहां विधि-विधान से जल भरने के बाद श्रद्धालु राजेंद्र चौक और गोरखा चौक के रास्ते वापस दुर्गा मंडप पहुंचे। इसके बाद कलश स्थापित कर माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू की गई।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश
समिति के मुख्य संरक्षक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कलश शोभायात्रा धार्मिक आस्था, सनातन परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजा-अर्चना के साथ पर्यावरण संरक्षण, जलस्रोतों की स्वच्छता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लेने की अपील की।
समिति के संरक्षक कपिलदेव सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने के साथ समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना मजबूत करते हैं। वहीं, अध्यक्ष गौतम दूबे (गोपी) ने श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया।
समिति के मीडिया प्रभारी मेहुल दूबे ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन माँ शैलपुत्री की पूजा की जा रही है। पंडित उदय शंकर मिश्रा के मार्गदर्शन में यजमान मनीष कुमार दूबे पूजा संपन्न कराएंगे। पूजा मंडप में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती होगी।
सभी पूजा समितियां आपसी समन्वय से करेंगी आयोजन
कलश शोभायात्रा में डोरंडा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी पूजा पंडाल आपसी समन्वय से आयोजन करेंगे और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान डोरंडा क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








