सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन, थम गया ट्रैफिक
विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे ABVP कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा के समीप सड़क पर लेटकर विरोध जताया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठने और लेटने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। जगन्नाथपुर थाना से पुरानी विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार नारेबाजी करते रहे। इस दौरान पुलिस की बस को भी आगे बढ़ने से रोक दिया गया।पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं में नोकझोंक
डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को बस में बैठाने के दौरान पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने और सड़क खाली कराने की कोशिश करती रही।
जब पुलिस की बस को मौके से रवाना किया गया, तब कुछ ABVP कार्यकर्ताओं ने बस को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें हटाया और बस को आगे बढ़ाया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश
प्रदर्शन के दौरान ABVP की एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसे भीड़ से बाहर निकाला। महिला कार्यकर्ता के बेहोश होने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहले हुए लाठीचार्ज के विरोध में विधानसभा घेराव
ABVP की ओर से विधानसभा घेराव का कार्यक्रम पहले हुए लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से छात्र और कार्यकर्ता रांची पहुंचे थे।
विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुरानी विधानसभा के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर और लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुरानी विधानसभा के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुरानी विधानसभा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद डिटेन किए गए ABVP कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर मौके से ले जाया गया। बस रवाना होने के बाद भी कुछ प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे। फिलहाल प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात प्रभावित रहा और पुलिस-प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








