Ranchi: जमशेदपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड की राजनीति तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शनिवार को आदित्यपुर के हरिओम नगर स्थित दिवंगत हिमांशु सिंह के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
आदित्य साहू ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या होना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता पैदा करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि अपराधियों के मन से कानून का भय कम हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में घायल दूसरा युवक अब भी अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।
पुलिस की कार्रवाई पर बीजेपी ने उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने उनसे मुलाकात के दौरान मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर चिंता जताई और झारखंड उच्च न्यायालय के माध्यम से जनहित याचिका (PIL) दायर कर CBI जांच कराने की मांग की। भाजपा ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच से सभी तथ्य सामने आ सकेंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो उसकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
Read More- Breaking News: गैंगस्टर प्रिंस खान के घर चली बुलडोजर-विधायक को धमकी पड़ी महंगी
आदित्य साहू ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि अपराध पुलिस की मौजूदगी में हुआ है, तो घटना के दौरान अपनाई गई पुलिस की कार्यप्रणाली की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक और कानूनी प्रयास का समर्थन करेगी। उन्होंने दिवंगत हिमांशु सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने तथा अस्पताल में भर्ती घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Read More- Breaking News: निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने प्रिंस खान की धमकी पर पुलिस को सौंपी लिखित शिकायत
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और प्रकाश सिंह, जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान और संजीव सिन्हा, आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच एजेंसियों की रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तय होगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








