Ranchi: रांची स्थित RIMS में एडमिशन प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। बुधवार को झारखंड सीआईडी की विशेष टीम अचानक रिम्स परिसर पहुंची और सीधे डीन कार्यालय में जांच शुरू कर दी। टीम ने रिकॉर्ड रूम को अपने नियंत्रण में लेकर पिछले शैक्षणिक सत्र के एडमिशन से जुड़े दस्तावेजों, फाइलों और डिजिटल डेटा की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष हुए नामांकन में गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सरकार तक पहुंची थीं। आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर कुछ अपात्र छात्रों को दाखिला दिया गया। शुरुआती जांच में शिकायतों को गंभीर मानते हुए राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी थी।
सीआईडी अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये
सीआईडी अधिकारियों द्वारा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जा रहे हैं और संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों से पूछताछ भी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद रिम्स प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बताते चलें कि कॉलेज में जाति और स्थानीय प्रमाण पत्र गलत देने का आरोप लगा था। गलत प्रमाण पत्र देकर एडमिशन लेने का का भी आरोप लगा था। जिसके बाद सीएम हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिये थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संस्थान के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंच सकती है। ऐसे में रिम्स डायरेक्टर की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजर सीआईडी की अगली रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









