आसनसोल में 6 वर्षीय मासूम की हत्या पर फूटा जनाक्रोश, जीटी रोड जाम कर आरोपी को फांसी देने की उठी मांग
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 6 वर्षीय मासूम ऋत्विक रुज की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जीटी रोड जाम कर प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में छह वर्षीय मासूम ऋत्विक रुज की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार शाम मृतक के परिजनों और सैकड़ों स्थानीय लोगों ने जीटी रोड स्थित भगत सिंह मोड़ पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी को फांसी देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। कई लोगों ने आरोपी को जनता के हवाले करने की भी मांग की। प्रदर्शन के चलते कई घंटों तक जीटी रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जंगल से मिला था मासूम का शव
जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय ऋत्विक रुज कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बाद में उसका शव घर के पास स्थित जंगल से बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।
पड़ोसी गिरफ्तार, पूछताछ में हत्या कबूलने का दावा
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पड़ोसी शिवनाथ तुड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
विधायक प्रतिनिधि पहुंचे, जल्द सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल उत्तर के विधायक के प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अंतु राय भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधायक ने इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है और दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मासूम की हत्या बेहद दर्दनाक और निंदनीय है तथा दोषी को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
भारी पुलिस बल तैनात, लोगों को न्याय का भरोसा
हत्या की खबर सार्वजनिक होने के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोपी को स्वयं सजा देने की बात भी कही। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और निष्पक्ष जांच के साथ जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
झारखंड मुख्य समाचार एवं विश्लेषण
Special Coverage
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis