Crime News: नीले ड्रम में पति की लाश छिपाने के मामले में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी ने 24 नवंबर की शाम 6:50 बजे बेटी को जन्म दिया। विशेष बात यह है कि जिस पति सौरभ की हत्या के आरोप में मुस्कान बंद है, उसका जन्मदिन भी 24 नवंबर को ही था। यह मुस्कान की दूसरी बेटी है, जबकि बड़ी बेटी पीहू नाना-नानी के साथ रह रही है।
23 नवंबर की रात जेल में डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद मुस्कान को अल्ट्रासाउंड के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। जेल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, उसे गायनिक वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां HOD डॉ. शगुन और उनकी टीम के पांच डॉक्टरों ने नॉर्मल डिलीवरी कराई। नवजात का वजन ढाई किलो बताया गया है।
मुस्कान को उसके बॉयफ्रेंड साहिल के साथ 19 मार्च को पति सौरभ राजपूत की हत्या और लाश को नीले ड्रम में छिपाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय वह डेढ़ महीने की गर्भवती थी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्ची का जैविक पिता कौन है-पति सौरभ या साहिल?
सौरभ के बड़े भाई राहुल ने कहा कि वे बच्ची का डीएनए टेस्ट कराएंगे। यदि बच्ची सौरभ की पाई जाती है, तो परिवार उसे अपनाने को तैयार है। उधर डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और मुस्कान उसे गोद में लेकर लगातार दुलार रही है।












