Breaking News: रांची में एक दर्दनाक घटना ने 17 साल पुराने चर्चित अपहरण कांड की यादें फिर ताजा कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह हर दिन की तरह लव भाटिया ने नाश्ता किया और अपने कमरे में चले गए। दोपहर करीब 2:30 बजे घर में काम करने वाले कर्मचारियों ने उन्हें बाथरूम में उल्टी करते हुए देखा। हालत गंभीर देख कर्मचारियों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में उन्हें रांची के लालपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि शरीर में जहर फैल जाने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद 30 जुलाई 2009 के उस हाईप्रोफाइल अपहरण कांड की भी चर्चा तेज हो गई है, जब लव भाटिया का अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। उस समय वह मेन रोड स्थित ‘पंजाब स्वीट हाउस’ बंद कर रात करीब 10:45 बजे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते से उनका अपहरण कर लिया गया था।
मामले में उनके पिता ने लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद तत्कालीन पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कई अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और लव भाटिया को सकुशल बरामद कर लिया गया था।
अब वर्षों बाद हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर कई पुराने सवालों और यादों को सामने ला खड़ा किया है। फिलहाल मामले को लेकर आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।







