Breaking News: धनबाद के लोयाबाद 7 नंबर मुस्लिम मोहल्ले में रविवार को करीब 11 बजे अचानक जमीन धंसने से तीन घर जमींदोज हो गए। भू-धंसान की चपेट में बेबी, अरमान और अरबाज के घर आए हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खतरे को देखते हुए आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और रस्सी लगाकर घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। लोगों को खतरे वाले क्षेत्र में जाने से रोकने के लिए पुलिस मौके पर निगरानी कर रही है।
Breaking News: प्रभावित क्षेत्र और उसके आसपास करीब 30 परिवार रहते हैं
इधर, बांसजोड़ा और लोयाबाद कोलियरी प्रबंधन की ओर से राहत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। बांसजोड़ा के राम रहीम, राजकुमार और असलम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र और उसके आसपास करीब 30 परिवार रहते हैं। इनमें अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं।
ऐसे में तीन घरों के जमींदोज होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान को सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
Breaking News: भू-धंसान के कारणों की जांच कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कोलियरी प्रबंधन से प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, राहत सामग्री उपलब्ध कराने और भू-धंसान के कारणों की जांच कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
फिलहाल, भू-धंसान के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों को राहत और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









