Ranchi : राजधानी रांची के कोकर स्थित खोरहा टोली से पिछले कई दिनों से लापता 18 महीने की मासूम बच्ची का मामला अब राजनीतिक रूप ले चुका है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हेमंत सोरेन सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस दौरान बच्ची की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का काम करेगा।
राज्य में पुलिस का नहीं अपराधियों का शासन चल रहा है
मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि यह काफी गंभीर मामला है। राज्य में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। राज्य में पुलिस का नहीं अपराधियों का शासन चल रहा है। राज्य की पुलिस और यहां की सरकार को आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है। अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ा हुआ है कि खुलेआम बच्चे को टांगा हुआ फोटो दिखाकर आतंक फैलाया जा रहा है। गालियां बका जा रहा है। अब तक अबोध बच्ची का कोई सुराग न मिलना बेहद चिंताजनक और दर्दनाक है।
उन्होंने कहा कि एक मासूम की जिंदगी दांव पर लगी है, लेकिन झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार और प्रशासन की सुस्ती साफ नजर आ रही है। इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए और बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जाए।
पहले भी हो चुकी है बच्चा चोरी की कई घटनाएं
इसके पहले जगन्नाथपुर और ओरमांझी में घटना घट चुकी है। आखिरकार पार्टी की चेतावनी और भारी जनदबाव के कारण इन बच्चों की सकुशल बरामदगी हुई। यह बतलाता है कि सतर्कता, जनदबाव और त्वरित कार्रवाई से सकारात्मक परिणाम संभव हैं। कोकर से गायब अबोध बच्ची के मामले को भी हमारी पार्टी ने पूरी गंभीरता से लेने का काम किया है। दुख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय मिलने तक आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने पुलिस से अविलंब ऐसे अपहरणकर्ता को पकड़ने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
हाल ही में कोल्हान से 13 महीनों में 106 युवतियों का गायब होने की खबर प्रमुखता से अखबार में प्रकाशित हुई है। स्पष्ट है कि पुलिसिया कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है और वे अपना मूल काम छोड़ दूसरे कार्यों में व्यस्त हैं। इस कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार को अपनी कार्यशैली बदलने की जरूरत है, तभी राज्य में अमन चैन स्थापित हो सकेगा।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह, रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू,भी मौजूद रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











