Dhanbad: पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के धनबाद मंडल की अपराध आसूचना शाखा एवं आरपीएफ ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सीसीटीवी की मदद से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है। वह धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 के वेटिंग रूम में संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सीआईबी प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने उसे प्लेटफॉर्म संख्या 7 के कतरास छोर से दबोच लिया।
62 हजार रुपये का सामान बरामद
तलाशी के दौरान उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन, एक मैक्सिमा कंपनी की कलाई घड़ी तथा एक MIVI कंपनी का ईयरबड बरामद हुआ। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 62 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेल यात्रियों के मोबाइल चोरी करता है और अन्य सामान चोरी करने की फिराक में था।
आरोपी को बरामद सामान के साथ जीआरपी धनबाद को सौंप दिया गया। इस संबंध में कांड संख्या 131/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4) एवं 317(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी मोबाइल चोरी का एक मामला दर्ज है। मामले की जांच एएसआई रामधन महतो कर रहे हैं।










