Ranchi: छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब समेत कई छठ घाटों का निरीक्षण किया।
तीन फीट पानी के बाद होगी बैरिकेडिंग
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों पर पानी की गहराई को देखते हुए तीन फीट के बाद बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। गहरे और खतरनाक जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित सीमा के भीतर ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
संवेदनशील घाटों पर NDRF-SDRF की तैनाती
अत्यधिक संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा गोताखोरों और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को भी कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल मदद मिल सके।
Read More- हाय रे महंगाई! Mother Dairy के दूध 4 रुपए तक हुए महंगे-जानें कब से लागू होंगी नई दरें
रोशनी, सफाई और रास्तों पर भी जोर
उपायुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को डस्ट डालकर समतल बनाने, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित बिजली व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने और भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष इंतजाम करने को कहा गया है।
नगर निगम क्षेत्र से बाहर स्थित घाटों पर भी जरूरी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती के साथ पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
Read More- कोडरमा में चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार निलंबित, धनेश्वर कुमार को मिली जिम्मेदारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, एसडीओ कुमार रजत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







