Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब मामूली विवाद में एक गरीब महिला के ढाबे को युवक ने आग में झोंक दिया। इस आगजनी की घटना में महिला को लगभग 20 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही महिला के घर में बंधी दो बकरियां जला दी गई।
ढाबे में रखे बर्तन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान राख
यह मामला तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-2 स्थित बिरहोर टोला के पास का है। पीड़िता पिंकी देवी ने आरोप लगाया है कि इलाके के रहने वाले रवि बिरहोर ने गुस्से में उनके ढाबे में आग लगा दी। पिंकी देवी के मुताबिक रविवार रात करीब 10 बजे आरोपी उनके ढाबे पर ऑमलेट बनाने की जिद कर रहा था। देर रात होने की वजह से उन्होंने दुकान बंद करने की बात कही और ऑमलेट बनाने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर युवक वहां से चला गया।
महिला ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनका ढाबा पूरी तरह जल चुका है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ढाबे में रखे बर्तन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान राख हो चुके थे। आसपास के लोगों ने बताया कि उनके जाने के बाद आरोपी दोबारा ढाबे पर आया था।
मुआवजे और न्याय की मांग
घटना की सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसआई अनुरंजन कुमार ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिंकी देवी पहले ही पति की मौत के बाद संघर्ष भरी जिंदगी जी रही थीं। अब ढाबा जलने से उनके बच्चों के पालन-पोषण और रोजी-रोटी पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता ने प्रशासन से मुआवजे और न्याय की मांग की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








