Dhanbad: धनबाद से अलेप्पी के बीच चलने वाली मशहूर धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस, जिसे मरीजों के कारण एंबुलेंस ट्रेन भी कहा जाता है, को सुपरफास्ट का दर्जा देने की मांग लंबे समय से उठ रही है। लेकिन इसके उलट रेलवे इस ट्रेन के ठहराव लगातार बढ़ा रहा है।
इस वर्ष फरवरी में ओडिशा के नोरला रोड स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू हुआ था। इसके बाद 14 अगस्त से ओडिशा के अंबोडाला और थेरुबली स्टेशन को भी शामिल किया गया। अब 20 अगस्त से तमिलनाडु के गुडियत्तम और वाणियंबाड़ी स्टेशन पर भी अलेप्पी एक्सप्रेस रुकेगी।
कुल ठहराव अब 85 स्टेशन पर
धनबाद से अलेप्पी तक फिलहाल यह ट्रेन 83 स्टेशन पर रुक रही थी। दो नए स्टेशन जुड़ने से अब इसका कुल ठहराव बढ़कर 85 स्टेशन हो जाएगा।
वेल्लूर जाने वाले मरीजों की बढ़ी परेशानी
अलेप्पी एक्सप्रेस से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने वेल्लूर स्थित CMC हॉस्पिटल जाते हैं। पिछले साल धनबाद से काटपाडी तक ट्रेन 62 स्टेशन पर रुकती थी, लेकिन अब मरीजों को 65 स्टेशन पार करने पड़ रहे हैं। इससे उनका सफर और लंबा हो गया है।
29 सितंबर से दक्षिण रेलवे में बढ़ेगी रफ्तार
दक्षिण रेलवे ने ट्रेन की गति बढ़ाने को मंजूरी दी है। 29 सितंबर से जोलारपेट्टई से एर्नाकुलम तक इस ट्रेन की रफ्तार बढ़ेगी। इससे ट्रेन गंतव्य तक 10 से 25 मिनट पहले पहुंचेगी। हालांकि यह बदलाव केवल धनबाद से अलेप्पी जाने वाली ट्रेन में लागू होगा।
इस फैसले का वेल्लूर जाने वाले मरीजों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। मरीजों को काटपाडी पहुंचने के लिए अभी भी अधिक समय लगना तय है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








